
TV एक्टर आशीष कपूर, (चित्र साभार: X@Trend_Pulse7)
टीवी इंडस्ट्री से बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने वाले अभिनेता आशीष कपूर को दिल्ली पुलिस ने पुणे से गिरफ्तार किया है। दरअसल, एक्टर आशीष पर दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगे है। पीड़िता ने आरोप लगाया है, कि अगस्त के दूसरे हफ्ते में दिल्ली में आयोजित एक हाउस पार्टी में आशीष ने उनके साथ वॉशरूम में रेप किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने एक्टर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं इससे पहले मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एम्स में उनका पोटेंसी टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट केस की दिशा तय करने में अहम सबूत मानी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की आशीष कपूर से मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी।
डीसीपी (उत्तर) राजा बंथिया ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया, कि आशीष कपूर को बुधवार को पुणे में हिरासत में लिया गया। उन्होंने बताया, पुलिस ने आशीष कपूर को विभिन्न राज्यों में ट्रैक किया। जांचकर्ताओं के अनुसार, मामला दर्ज करने के बाद पुलिस टीमें दिल्ली से गोवा और फिर पुणे तक एक्टर का पीछा करती रही, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और आशीष कपूर की जान पहचान इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोनों के बीच गहरी दोस्ती होने के बाद पीड़िता एक पार्टी में भी शामिल हुई थी। पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में आशीष कपूर, एक्टर का एक दोस्त, दोस्त की पत्नी और दो अज्ञात लोगों के नाम भी शामिल किए गए है। हालांकि, बाद में पीड़िता ने भी अपना बयान बदल दिया था।
पीड़िता ने अपना बयान बदलते हुए कहा, कि सिर्फ आशीष कपूर ने उनके साथ रेप किया। पीड़िता ने ये भी दावा किया, कि घटना का वीडियो भी बनाया गया, लेकिन फिलहाल पुलिस को अभी तक ऐसा कोई वीडियो नहीं मिला है। आरोप है, कि वॉशरूम से बाहर निकलने पर आशीष कपूर के दोस्त की पत्नी ने उनके साथ मारपीट की थी।
पुलिस के अनुसार, आशीष कपूर के दोस्त की पत्नी ने ही पीसीआर कॉल की थी। बताया जा रहा है, सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर यह जानकारी सामने आई है, कि पीड़िता और आशीष पार्टी के दौरान एक साथ वॉशरूम में गए थे। जब वे दोनों काफी देर तक बाहर नहीं आए तो मेहमानों ने दरवाजा खटखटाना शुरू कर दिया। जिसके बाद कथित तौर पर झगड़ा हुआ और शिकायतकर्ता ने दावा किया, कि एक्टर के दोस्त की पत्नी ने उसे मारा।
बता दे, कि आशीष कपूर टीवी के जाने-माने चेहरे रहे हैं। वो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और ‘देखा एक ख्वाब’ ‘सात फेरे’ और ‘सरस्वतीचंद्र’ जैसे लोकप्रिय टीवी सीरियल्स में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘कुर्बान’, ‘टेबल नंबर 21’ और ‘इनकार’ जैसी फिल्मों में भी काम किया है। टीवी की दुनिया के जाने पहचाने चेहरे आशीष कपूर इंस्टाग्राम पर भी खासे सक्रिय हैं। हालांकि, अब यह अकाउंट बंद कर दिया गया है।