यमुना नदी में पलटी श्रद्धालुओं से भरी नाव,मथुरा यमुना नदी (फोटो साभार - एक्स/@ANI)
उत्तर प्रदेश स्थित मथुरा नगरी में श्रद्धालुओं से भरी नाव अचानक यमुना नदी में पलट गई, जिससे दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में अब तक 9 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि कई लोग घायल हैं और कुछ की तलाश अभी भी जारी है। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की गोताखोर टीम और पुलिस फोर्स ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब के लुधियाना से करीब 30 श्रद्धालु वृंदावन घूमने आए थे। सभी लोग नाव में सवार होकर यमुना नदी पार कर रहे थे और देवराहा बाबा मठ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नाव पांटून ब्रिज से टकरा गई और संतुलन बिगड़ने से पलट गई। नाव पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर तैरने लगे।
मथुरा पुलिस ने बताया, कि अब तक 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियाँ मिलकर राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं और अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वहीं, ग्रामीण एसपी सुरेश चंद्र रावत ने भी पुष्टि की, कि नाव में पंजाब से आए श्रद्धालु सवार थे और हादसा नाव पलटने के कारण हुआ है।
#WATCH मथुरा: एसपी मथुरा (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बताया, "यमुना नदी में एक नाव पलटने की घटना सामने आई है। 22 लोगों को निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है।" pic.twitter.com/hONKEeQ980
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 10, 2026
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुँच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसमें अब तक 16–17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। रेस्क्यू किये गए पर्यटकों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। रेस्क्यू में जुटी टीमें लगातार नदी में लापता लोगों की तलाश कर रही है।
