
एशिया कप हॉकी के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत, (चित्र साभार: @TheHockeyIndia)
हॉकी एशिया कप 2025 के खिताबी मुकाबले में रविवार (7 सितंबर 2025) को भारत ने पांच बार की विजेता दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही टीम इंडिया ने अगले साल यानी 2026 में बेल्जियम और नीदरलैंड द्वारा संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
बिहार के राजगीर में आयोजित हीरो एशिया कप हॉकी 2025 के फाइनल मुकाबले में साउथ कोरिया को शिकस्त देने के साथ ही भारत ने चौथी बार हॉकी एशिया कप के खिताब पर अपने नाम किया है। मैच की शुरुआत से ही भारत ने जबरदस्त आक्रमण किया। पहले 30 सेकेंड में सुखजीत सिंह ने रिवर्स स्वीप से शानदार गोल दागकर टीम को पहले क्वार्टर 1-0 की बढ़त दिलाई।
Dominance till the very end!🔥
India beat Korea 4–1 in the Final to be crowned 𝗖𝗵𝗮𝗺𝗽𝗶𝗼𝗻𝘀 of the Hero Asia Cup Rajgir, Bihar 2025.#HockeyIndia #IndiaKaGame #HumseHaiHockey #HeroAsiaCupRajgir pic.twitter.com/yZQbynjxDt
— Hockey India (@TheHockeyIndia) September 7, 2025
वहीं दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा। दिलप्रीत सिंह ने 27वें मिनट में गोल करते हुए भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। हाफ-टाइम तक भारत 2-0 से आगे रहा। हालांकि साउथ कोरिया ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन भारतीय डिफेंस के आगे उनकी एक न चली। वहीं 44वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा और भारत का तीसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया।
48वें मिनट में अमित रोहिदास ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। हालांकि 51वें मिनट में कोरिया की ओर से डेन सोन ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया, लेकिन इसके बाद भारतीय टीम ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा। बता दें, कि दिलप्रीत सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गौरतलब है, कि भारत ने अब तक 2003, 2007, 2017 के बाद अब 2025 में चौथी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया है। खास बात यह है, कि 2007 और अब 2025 दोनों बार भारत ने कोरिया को हराकर खिताब जीता है। जबकि भारत 1982, 1985, 1989, 1994 और 2013 में उपविजेता (रनर-अप) रहा।