
फाइल फोटो (फोटो साभार: BJP4INDIA का ट्विटर अकाउंट)
देश में यदि आज आम चुनाव हो जाएं तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सीटें बढ़कर 324 हो जाएंगी। ये नतीजे इंडिया टुडे और सी-वोटर के ‘मूड ऑफ द नेशन’ सर्वे में सामने आए है। बता दें, कि एनडीए सरकार के लगातार तीसरे कार्यकाल को एक साल से ज्यादा का वक्त हो चुका है। ऐसे में सर्वे के अनुसार, देश में एक बार फिर जनता केंद्र में एनडीए की सरकार चाहती है।
इंडिया टुडे ग्रुप और सी वोटर के ‘मूड ऑफ द नेशन’ सर्वे में सामने आया है, कि अगर आज चुनाव होते हैं, तो भाजपा को सबसे अधिक 260 सीटें मिल सकती हैं। जबकि कांग्रेस को 97 सीटें मिलने की संभावना है। इस सर्वे में लोकसभा चुनावों में एनडीए गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है, जबकि विपक्षी INDIA गठबंधन भी एक मजबूत चुनौती पेश करता हुआ नजर आ रहा है।
🚨 Mood of the Nation | India Today-CVoter Survey
Lok Sabha (543 seats):
— NDA: 324 | BJP: 260
— INDI: 208 | Congress: 97🇮🇳 Nation still trusts Modi’s leadership 💪 pic.twitter.com/cGcVTZqze7
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) August 28, 2025
इसके साथ ही इस सर्वे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद बीजेपी में पीएम पद के लिए दावेदार का नाम भी पूछा गया। हालांकि सर्वे में जनता पीएम मोदी को अभी भी प्रधानमंत्री पद का सबसे बेहतर विकल्प मानती है। पीएम मोदी के बाद सबसे अधिक चर्चा में रहे गृहमंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ. वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जनता से अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पाया।
सर्वे में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को 28%, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 26% और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को 7% लोगों ने पसंद किया। सर्वे में यह भी जानकारी निकलकर सामने आई, कि अगर आज चुनाव हुए तो एनडीए को 47% वोट मिल सकते हैं, जबकि इंडिया ब्लॉक को 41% वोट मिलने की संभावना है।
सर्वे के दौरान देश की जनता से प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी के प्रदर्शन को लेकर भी सवाल पूछे गए। सर्वे में 34 प्रतिशत लोगों ने उनके कार्यकाल को ‘बहुत अच्छा’ और 24 प्रतिशत लोगों ने ‘अच्छा’ बताया। इस लिहाज से 58 फीसदी लोग पीएम मोदी के कार्यशैली से संतुष्ट हैं। जबकि विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गाँधी के प्रदर्शन को 15% लोगों ने ‘खराब’ और 12% लोगों ने ‘बहुत खराब’ बताया है।
जानकारी के मुताबिक, इंडिया टुडे और सी-वोटर के ‘मूड ऑफ द नेशन’ का यह सर्वे 1 जुलाई 2025 से 14 अगस्त 2025 के बीच किया गया। इस सर्वे में लगभग 2 लाख 6 हजार 826 लोगों से उनके विचार पूछे गए। इसमें हर जाति, धर्म, मजहब के लोग शामिल हैं। वहीं आज तक की रिपोर्ट में इन आँकड़ों में मोटे तौर पर 3 फीसदी का मार्जिन एरर होने की बात कही गई है।
इन आँकडों से यह स्पष्ट है, कि 11 साल से लगातार सत्ता में बने रहने के बावजूद देश के लोगों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता बरकरार है। 2024 के लोकसभा चुनावों के साल भर बाद BJP के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA ) की स्वीकार्यता बढ़ी है और देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के कामकाज से संतुष्ट है।
बता दें, कि वर्ष 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के परिणामों ने देश को चौंका दिया था। चुनाव में 400 सीट जीतने का दावा करने वाली भाजपा को 240 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। हालांकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को पूर्ण बहुमत मिला और नरेंद्र मोदी चंद्रबाबू नायडू और नीतीश कुमार के समर्थन से तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने।