इमरान खान के समर्थन में आए गावस्कर, कपिल समेत 14 पूर्व कप्तान, (फोटो साभार : X@OpIndia_in)
जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और पूर्व प्रधानमंत्री 73 वर्षीय इमरान खान की बिगड़ती सेहत को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट समुदाय ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। इसी क्रम में दुनिया के 14 पूर्व कप्तानों के एक ग्रुप ने पाकिस्तान की सरकार से पिछले ढाई साल से जेल में बंद 1992 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान इमरान खान के लिए बेहतर इलाज की मांग की है।
दरअसल, पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान की बिगड़ती सेहत की खबरों के बीच दुनिया के 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार को एक संयुक्त पत्र लिखकर उन्हें तत्काल उचित चिकित्सा सुविधा देने की मांग की है। अपील में भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव व सुनील गावस्कर का नाम भी शामिल है। हालांकि, सूची में एक भी पाकिस्तानी कप्तान शामिल नहीं है।
मंगलवार को पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से अपील की है, कि इमरान खान के साथ जेल में इज्जत से पेश आया जाए। अपील पर हस्ताक्षर करने वालों में सुनील गावस्कर, कपिल देव समेत चैपल, बेलिंडा क्लार्क, माइकल एथरटन, नासिर हुसैन, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, माइकल ब्रियरले, डेविड गावर, किम ह्यूज, क्लाइव लॉयड, स्टीव वॉ और जॉन राइट शामिल हैं।
14 Former International Cricket Captains, including Padma Bhushan Sunil Gavaskar, Padma Bhushan Kapil Dev, Greg Chappell, Stephen Waugh, write to the Government of Pakistan regarding the reported condition of Imran Khan, former Prime Minister and former Captain of the Pakistan… pic.twitter.com/X0gmL2nE28
— ANI (@ANI) February 17, 2026
उल्लेखनीय है, कि क्रिकेट की दुनिया के इन दिग्गज कप्तानों की ये आवाज उस वक्त उठी है, जब इमरान खान की मेडिकल रिपोर्ट में खुलासा हुआ, कि इमरान की दाहिनी आंख में सिर्फ 15 प्रतिशत रोशनी बची है। इमरान खान की बहनों का कहना है, कि जेल में इमरान खान के साथ अच्छा बर्ताव नहीं किया जा रहा है और ना ही सही तरीके से उपचार किया जा रहा है।
बता दें, कि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इमरान खान की सरकार को 2022 में नो कॉन्फिडेंस मोशन के जरिये गिराया गया और फिर जब वहां की सरकार और आर्मी चीफ बदले गए, तो उसके बाद से इमरान खान के बुरे दिन शुरू हो गए और उन पर 100 से अधिक केस दर्ज करके अगस्त 2023 में जेल में डाल दिया गया था।

