हापुड़ में पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहे अजीम और आजाद गिरफ्तार (फोटो साभार: ABP News)
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में एटीएस, आईबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपित अजीम राणा और आजाद राजपूत को गिरफ्तार किया गया है। जाँच में सामने आया है, कि दोनों आरोपित दुश्मन मुल्क पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क के लिए भारत में जासूसी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे और संवेदनशील धार्मिक स्थलों की रेकी कर रहे थे।
जाँच एजेंसियों के मुताबिक, दोनों के पास से दिल्ली के रमेश नगर मेट्रो स्टेशन और कई प्राचीन मंदिरों से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने ग्रेटर नोएडा के बिसरख स्थित प्राचीन रावण मंदिर की फोटो खींचने की भी कोशिश की थी। संभावना जताई जा रही है, कि ये लोकेशन संवेदनशील होने के कारण विशेष रूप से टारगेट की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर और ISIS समर्थित शहजाद भट्टी के संपर्क में थे। दोनों आरोपित भारत के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों और अन्य लोकेशनों की जानकारी और तस्वीरें उसे भेज रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों को आरोपितों के कब्जे से जब्त किए गए मोबाइल फोन में कई अहम सुराग मिले हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इनमें संदिग्ध चैट, फोटो, वीडियो और लोकेशन डेटा शामिल हैं, जो देश विरोधी गतिविधियों की ओर संकेत करता है। फिलहाल दोनों आरोपितों से जांच एजेंसिया गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
हापुड़ के धौलाना थाने में दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 152 और 61(2) के साथ-साथ शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
