(फोटो साभार : जागरण )
उत्तर प्रदेश के बरेली से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दरअसल, बरेली के अठाना गांव निवासी सोमपाल ने अपने एक साल के बेटे वरुण की सिर्फ इस वजह से गला घोंटकर नृशंस हत्या कर दी, क्योंकि उसे ये भ्रम था, कि उसके बेटे के नैन-नक्श उससे मेल नहीं खाता था। आरोपी को इस बात का भी शक था, कि उसकी पत्नी के किसी से अवैध संबंध हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सोमपाल शराब पीने का आदी है। जब भी वो मजदूरी से लौटकर घर आता, तो अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। उसे शक था, कि उसका छोटा बेटा वरुण उसकी संतान नहीं है। उसकी पत्नी ने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया और इसी नफरत के चलते उसने अपने मासूम बेटे को मौत के घाट उतार दिया।
बरेली स्थित भुता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया, कि गुरुवार सुबह बच्चे की माँ ने शिकायत दी, कि बुधवार को उसका पति उसके मायके पहुंचा, जहां से वो बड़े बेटे अरुण व एक साल के बेटे वरुण को जबरन गांव अठाना लेकर चला गया। बुधवार देर रात सोमपाल ने वरुण की गला दबाकर हत्या की और शव को तालाब में फेंक दिया।
शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तालाब से बच्चे का शव बरामद किया। सोमपाल पर हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने उसे गांव के खेत से गिरफ्तार कर लिया। वहीं सोमपाल को अपनी इस हैवानियत पर जरा भी अफसोस नहीं था। उसके दिल में पत्नी के लिए बहुत नफरत भरी थी। पूछताछ में आरोपी ने बताया, ‘वरुण मेरा नहीं, बल्कि पत्नी के प्रेमी का बेटा था।’
बीते शुक्रवार को पांच वर्षीय बड़े बेटे अरुण ने भी अपने पिता की खौफनाक करतूत को बयां करते हुए बताया, कि मेरे सामने पापा ने छोटे भाई को पीटा, फिर गला दबा दिया। वहीं पीड़ित महिला ने पुलिस अधिकारियों को बताया, कि उसका शक्की मिजाज पति शराब पीने के बाद उसके साथ झगड़ा करता था। उसकी हरकतों से परेशान होकर वह मायके में रहती थी।

