नेपाल बॉर्डर के पास बरातियों से भरी बस खाई में गिरी
भारतीय सीमा से लगे नेपाल के बैतडी के पास गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। पिथौरागढ़ जिले से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में देर रात्रि हुए भीषण सड़क हादसे में 13 बारातियों की मौत की खबर है, जबकि 34 घायल बताये जा रहे है। इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस बारातियों को लेकर बैतड़ी से बजांग जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार (5 फरवरी 2026) की देर रात्रि बैतड़ी के पुरचुंणी नगरपालिका 7 भवने गांव से दुल्हन लेकर बजांग के सुनकुडा जा रही बारातियों की बस बड़गांव मोड़ पर अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने इस घटना की सूचना प्रशासन को दी।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में बीती रात एक बस के खाई में गिरने से उसमें सवार 13 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 34 अन्य घायल हो गए। घायलों को नेपाल के बैतड़ी और डडेलधूरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रिपोर्ट: राकेश पंत@AIRNewsHindi @DDNewsHindi pic.twitter.com/N7955GN4JS
— Akashvani News Uttarakhand 🇮🇳 (@airnews_ddn) February 6, 2026
जिला प्रहरी कार्यालय बैतड़ी के प्रहरी प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया, कि रात के समय नेपाल एपीएफ, प्रहरी व स्थानीय जनता द्वारा यात्रियों का रेस्क्यू किया गया। उन्होंने बताया, कि बस दुर्घटना में 6 बारातियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। जबकि 5 लोगों की डडेलधुरा अस्पताल में और 2 बारातियों की कोटिला अस्पताल में मौत हो गई।
घायलों में कुछ और बारातियों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे में बस चालक सामान्य घायल बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया बस दुर्घटना का मुख्य कारण ओवरलोडिंग और बस ओवरलोडिंग के कारण चढ़ाई में नहीं चढ़ पाना बताया जा रहा है।

