विजिलेंस टीम ने सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते दबोचा
मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश में लगातार सख्त कदम उठाये जा रहे है। उत्तराखंड में रिश्वतखोर अधिकारियों-कर्माचारियों पर विजिलेंस की टीम लगातार एक्शन ले रही है। सरकारी दफ्तरों में रिश्वत लेते अधिकारियों-कर्माचारियों को रंगे हाथों पकड़ा जा रहा है। इसी क्रम में घूसखोरी का नया मामला जनपद हरिद्वार के रुड़की में सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले के रुड़की में विजिलेंस की टीम ने आंगनबाड़ी सुपरवाइजर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा है। आरोप है, कि सुपरवाइजर ने आंगनबाड़ी सहायिका से प्रमोशन कराने के एवज में घूस की डिमांड की थी, लेकिन पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस में कर दी। वहीं, अब विजिलेंस की टीम अग्रिम कार्रवाई में जुट गई।
दरअसल, इस मामले में आंगनबाड़ी सहायिका की शिकायत पर सतर्कता सेक्टर देहरादून में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। शिकायत पर देहरादून से आई विजिलेंस की टीम ने रुड़की के बाल विकास अधिकारी कार्यालय में छापेमारी कार्रवाई की। इस दौरान ग्रामीण द्वितीय में तैनात सुपरवाइजर राखी सैनी को 50 हजार रुपए की घूस लेते हुए रंगे हाथ मौके पर ही दबोच लिया गया।
बताया जा रहा है, कि बाल विकास अधिकारी कार्यालय रुड़की ग्रामीण द्वितीय में तैनात सुपरवाइजर राखी सैनी ने आंगनबाड़ी सहायिका से प्रमोशन के लिए 50 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस की टीम ने मामले की पुष्टि कर जाल बिछाया। तय योजना के तहत बुधवार 25 मार्च को जैसे ही सहायिका ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, वैसे ही टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में विकास भवन रोशनाबाद स्थित डीपीओ कार्यालय के अधिकारी का भी नाम सामने आया है। फिलहाल, उनकी भूमिका को लेकर सतर्कता टीम जांच में जुटी हुई है और पूरे नेटवर्क की अब कड़ियां खंगाली जा रही है। आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज इस मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
विजिलेंस निदेशक डॉक्टर वी मुरुगेसन ने नागरिकों से अपील की है, कि यदि प्रदेश के सरकारी विभागों में नियुक्त कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तत्काल इस संबंध में विजिलेंस टीम को सूचित करें। शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9456592300 और vighq_uk@nic.in पर की जा सकती है।
