खुले में शराब पीने वालों पर पुलिस की सख्ती
प्रदेश के कई शहरों में ‘ओपन बार कल्चर’ बेहद तेजी से बढ़ रहा है। शराब की दुकानों के बाहर लोग खुलेआम शराब पीते नजर आ रहे हैं, जबकि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन गैरकानूनी है। इसी क्रम में सिडकुल थाना पुलिस खुलेआम शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, हरिद्वार जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा सार्वजनिक स्थलों व होटल ढाबों में खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को सिडकुल क्षेत्र में फैक्ट्रियों से छुट्टी के वक्त हुड़दंगियों द्वारा राह चलने वाली महिलाओं पर फब्तियां कसने की शिकायतें मिल रही थी।
⚠️ सिडकुल फैक्ट्रियों की छुट्टी के समय शराब पीकर महिलाओं पर फब्तियां कसने की मिल रही थी शिकायत
🍾 पब्लिक प्लेस व ढाबों में बैठकर जाम छलकाना युवकों को पड़ा भारी
👮♂️ औचक छापेमारी करते हुए पुलिस टीम ने कुल 30 व्यक्तियों को दबोचा#publicplace #drinking #alcohol pic.twitter.com/2KVF9hNK3w
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) February 27, 2026
शिकायतों का संज्ञान लेते हुए सिडकुल थानाध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कर सार्वजनिक स्थानों और शराब की दुकानों के आसपास छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान शराब पीने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा सड़क किनारे और होटल ढाबों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले कुल 30 व्यक्तियों को पकड़कर थाने लाया गया।
सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के अन्तर्गत चालानी कार्रवाई की गई। इस दौरान 7500 रुपए संयोजन शुल्क भी वसूल किया गया। सभी लोगों को भविष्य के लिए चेतावनी दी गई है, कि कोई भी सार्वजनकि स्थान पर न तो शराब पिलायेगा और न शराब पीएगा। पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गौरतलब है, कि पुलिस की सख्ती के बावजूद शाम ढलते ही शराबी अपनी गाड़ियों में बैठकर अथवा खुलेआम ठेके के सामने शराब पी रहे हैं। ठेके के बाहर शराबी घेरा बनाकर शराब पीते है और यही नजारा हर शराब ठेकों के बाहर नजर आता है। हालांकि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती रहती है, लेकिन फिलहाल इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकल रहा है।

