17 एलपीजी सिलेंडरों के साथ जावेद गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@haridwarpolice)
मिडिल ईस्ट युद्ध संघर्ष के बीच घरेलू गैस संकट को लेकर अफरा-तफरी का माहौल है, लेकिन कुछ लालची लोग इस आपदा में अवसर तलाश रहे है। ऐसा ही एक मामला हरिद्वार से सामने आया है। जहां एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। छापेमारी की कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किये गए है।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान जावेद पुत्र अख्तर निवासी रावली महदूद, सिडकुल (हरिद्वार) के रूप में हुई है। आरोपी जावेद कॉमन सर्विस सेंटर चलाता है और मोटी कमाई के चक्कर में सिलेंडर इकट्ठा कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के घर में छापेमारी कर 17 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य संघर्ष को लेकर जिले के सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों व अन्य व्यवसायिक संस्थानों के आसपास पुलिस प्रशासन द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही अवैध गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में सिडकुल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, कि रावली महदूद में अवैध सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है।
⛽️ LPG सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का एक्शन
⚡️ खूफिया सूत्रों से मिली जानकारी, अवैध सिलेंडरों के जखीरे के साथ जावेद नामक युवक गिरफ्तार
🤤 मुनाफाखोरी के इरादे पर पुलिस का करारा प्रहार
🚫 भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में चल रहा था अवैध LPG कारोबार pic.twitter.com/2HyDk89uqR
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) March 27, 2026
सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए घर पर छापेमारी की कार्रवाई की और बड़ी संख्या में अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए। मौके पर जावेद से पूछताछ की, लेकिन आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। दरअसल, रावली महदूद एक भीड़भाड़ वाला इलाका है और क्षेत्र में LPG सिलेंडरों का अवैध भंडारण किसी बड़ी अनहोनी को आमंत्रण दें सकता है।
बड़ी मात्रा में घरेलू सिलेंडर बरामद होने पर पुलिस ने मौके पर ही पूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी बुलाया। पूछताछ करने पर पता चला, कि आरोपी जावेद सीएससी संचालक है। पहले उसे केवल पांच गैस सिलेंडर रखने की अनुमति थी, लेकिन खाड़ी देशो में जारी युद्ध के बाद नई एसओपी जारी की गई और उसकी अनुमति को रद्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जावेद ने अवैध तरीके से लोगों की अनुमति के बिना गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण कर लिया। पूछताछ में सामने आया, कि आरोपी आने वाले दिनों में कालाबाजारी करके मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। वहीं पूर्ति विभाग की ओर से आरोपी के खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया।
सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने मीडियाकर्मियों को बताया, “आरोपी के कब्जे से 17 गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है, कि सिलेंडर कहां-कहां से एकत्रित किए गए? फिलहाल, पूर्ति विभाग द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
गौरतलब है, कि हरिद्वार डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिला पूर्ति विभाग की ओर से घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी के मुताबिक, कलियर क्षेत्र में होटल-ढाबों पर छापेमारी के दौरान अवैध घरेलू सिलेंडर का व्यवसायी इस्तेमाल करने पर 5 एलपीजी सिलेंडर जब्त किया गया है।
