बर्थडे पार्टी विवाद में शामिल तीन युवक पुलिस की हिरासत में, (फोटो साभार : X@DehradunPolice)
देहरादून शहर के चंद्रबनी चौक स्थित कैफे में दो पक्षों में हुए आपसी विवाद और युवती के सिर पर वार करने वाले प्रकरण में पुलिस ने 3 आरोपितों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है, कि युवती अपने दोस्तों के साथ कैफे में बर्थडे पार्टी में शामिल हुई थी, जहां अन्य पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान युवती चोटिल हो गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार 4 फरवरी की रात पटेलनगर कोतवाली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई, कि चंद्रबनी चौक के पास एक कैफे में दो पक्षों में झगड़ा हो गया है। सूचना पर पटेलनगर से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो पता चला कि कैफे के बाहर दो पक्षों में हुए झगड़े के दौरान एक युवती निवासी गांधीग्राम (देहरादून) के सिर पर चोट लग गई थी।
जिसके बाद चोटिल युवती को उसके साथी इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर 8 से 9 टांगे लगाए। उधर, युवती के भाई ने तीन युवकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके आधार पर तीन युवक हिमांशु, सूरज राणा और पंकज रावत के खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पटेलनगर नगर क्षेत्र में युवती से मारपीट करने वाले 03 अभियुक्तों को दून पुलिस ने लिया हिरासत मे,
कैफ़े में अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में गयी थी युवती, कैफ़े में 02 अन्य पक्षो के बीच हुए हुए विवाद में बीच बचाव करने पर गलती से करछी लगने से चोटिल हो गयी थी युवती, pic.twitter.com/8ZI7lGrY9i
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) February 8, 2026
पुलिस ने जब घटना के संबंध में जानकारी जुटाई, तो ज्ञात हुआ, कि 4 फरवरी की रात को युवती माही जेटली अपने साथियों के साथ चंद्रबनी चौक के पास स्थित कैफे में पार्टी करने गई थी। जहां पर दूसरा पक्ष हिमांशु, आयुष और पंकज रावत भी अपने अन्य साथियों के साथ पार्टी करने पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, पार्टी के बाद आयुष पंवार, पंकज रावत, हिमांशु सिंह और मानव गुप्ता का कैफे के बाहर पार्किंग से वाहन निकालने के दौरान सोहेल निवासी गांधीग्राम व तीन अन्य युवकों के साथ हाथापाई हो गई। इस दौरान पीड़िता युवती के साथी गौतम और कैफे संचालक ने बीच-बचाव किया और इसी दौरान गलती से पास में खड़ी माही के सिर पर करछी से चोट लग गई।
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया, कि आरोपियों की तलाश के लिए थाने स्तर से पुलिस की टीम गठित की गई थी। जिसके बाद पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन आरोपी पंकज रावत, हिमांशु और सूरज राणा को हिरासत में लिया है, जिनके खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

