सांकेतिक चित्र
देहरादून जिले के डोईवाला विकासखंड में तैनात उप शिक्षा अधिकारी को विजिलेंस ने रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस टीम ने नेपाली फार्म के पास आरोपी अधिकारी को किसी निजी विद्यालय की आरटीई के तहत मिलने वाली धनराशि के लिए रिश्वत लेते दबोचा है। जिसके बाद उसे रायवाला कोतवाली ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, डोईवाला प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक स्कूल के आरटीई के तहत अध्ययनरत छात्रों के बिल के भुगतान के एवज में एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। जिस पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को रिश्वत मांगे जाने की सूचना दी थी। सूचना पर विजिलेंस की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए जाल बिछाया।
बुधवार को जब खंड शिक्षा अधिकारी धनवीर बिष्ट नेपाली फार्म में अपनी निजी गाड़ी से रिश्वत लेने पहुंचा, तभी विजिलेंस ने उसे रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद आरोपी को रायवाला कोतवाली ले जाकर की गहन पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस के अधिकारियों की मानें, तो जल्द ही मामले में जांच के साथ अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
