
दून पुलिस ने "लाडवा गैंग' के 3 पशु तस्करों को किया गिरफ्तार, (फोटो साभार: X/@DehradunPolice)
देहरादून पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय संरक्षित पशु तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए ‘लाडवा गैंग’ के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान पशु तस्करों के पास से एक दुर्लभ प्रजाति का दो मुंहा सांप (रेड सैंड बोआ) बरामद हुआ है। सांप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रूपए बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दून पुलिस को विकासनगर में नहर रोड स्थित कूड़ा घाटी मार्ग पर एक बिना नंबर की सफेद स्विफ्ट कार मे दो मुंहा सांप की तस्करी की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस ने घेराबंदी करते हुए पुल नंबर-2 के पास एक वाहन से तीनों संदिग्धों को पकड़ा।
वाहन की तलाशी के दौरान पिछली सीट पर बैग से एक जीवित दो मुंहा सांप बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपी इसके बारे में संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया, कि यह सांप को हरियाणा से ऊँची कीमत पर तंत्र साधना की क्रियाओं के लिए बेचने को लाए थे।
SSP दून को मिली सटीक सूचना पर दून पुलिस ने किया अंतरराष्ट्रीय संरक्षित पशु तस्कर गिरोह का भंडाफोड़,
दून पुलिस द्वारा अंतरराष्ट्रीय संरक्षित पशु तस्कर गिरोह "लाडवा गैंग' के 03 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार pic.twitter.com/yDFuHE5sPp
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) May 2, 2025
पुलिस द्वारा मौके पर की गई पूछताछ के बाद पशु तस्कर अनिल कुमार(40) निवासी कुरुक्षेत्र हरियाणा, अशोक कुमार(50) निवासी यमुनानगर हरियाणा और संदीप कुमार(41) निवासी ज्वालापुर, हरिद्वार को गिरफ्तार किया गया। बता दें, कि रेड सैंड बोआ भारत में पाया जाने वाला दुर्लभ प्रजाति का शांत और बिना जहर वाला सांप है।
रेड सैंड बोआ सांप को भारतीय वन्यजीव कानूनों के अंतर्गत उच्चतम संरक्षण का दर्जा प्राप्त है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत सुरक्षा मिलने के बावजूद अंधविश्वास के चलते संकटग्रस्त प्रजाति रेड सैंड बोआ सांप के अवैध व्यापार में वृद्धि दर्ज की जा रही है।