CM धामी ने रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को श्रद्धांजलि दी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के निधन पर उनके जोहड़ी, देहरादून स्थित आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सीएम धामी ने उनके परिजनों से भेंट कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
सीएम धामी ने कहा, कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में शामिल दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आम जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। अधिकारियों को प्रदेश में ऑपरेशन प्रहार चलाकर अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
देहरादून में सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी जी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान परिजनों से भेंट कर अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति… pic.twitter.com/pdlReJN0Gq
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) April 1, 2026
बता दें, कि बीते सोमवार 30 मार्च की सुबह राजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोहड़ी गांव में नाइट क्लब में बिल पर शुरू हुआ विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। आरोप है, कि बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो पर सवार बदमाशों ने क्लब संचालक की कार पर फायर झोंक दिया। इस दौरान 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी फायरिंग की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रोजाना की तरह सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी अपने तीन साथियों के साथ सुबह टहलने निकले थे। अपने आवास से थोड़ी दूरी पर पहुंचे, तो सामने से दो तेज रफ्तार कारें आ रही थी। दोनों कारों में सवार युवक एक-दूसरे पर फायरिंग कर रहे थे। इसी संघर्ष में एक गोली ब्रिगेडियर जोशी के सीने में लग गई। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस ने घटना में शामिल एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विपक्ष लॉ एंड ऑर्डर को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है। मामले में सख्त एक्शन लेते धामी सरकार ने कुठालगेट चौकी इंचार्ज और सब एक्साइज इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया है। खुद डीजीपी द्वारा प्रकरण में मोर्चा संभाला हुआ है।
