सांकेतिक चित्र
देहरादून जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। विकासनगर के बादामवाला क्षेत्र में बीबीए एलएलबी के छात्र की गोली लगने से मौत की खबर है। 20 वर्षीय अंश गुप्ता को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं बेटे को मृत देख एडवोकेट पिता को भी अटैक आ गया।
विकासनगर कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया, शुक्रवार (19 दिसंबर 2025) की शाम अंश गुप्ता (उम्र 20 वर्ष, पुत्र विवेक गुप्ता निवासी बदामावाला रोड, विकास नगर) की पिस्टल से गोली लग गई। घटनास्थल को सुरक्षित किया गया है। मृतक लॉ कॉलेज का छात्र था। मृतक के पिता विकासनगर में वकील हैं। पुलिस हर एंगल से घटना की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया, कि अंश करीब तीन बजे एग्जाम देकर घर लौटा था। उस वक्त अंश के अधिवक्ता पिता घर पर नहीं थे। मां और बहन घर पर थी। लंच करने के बाद अंश अपने कमरे में चला गया था। शाम करीब साढ़े 5 बजे वो अपनी मम्मी को योगा क्लास छोड़ने गया था। इस दौरान बहन भी अपने काम से बाहर चली गई।
शाम को जब मां योगा क्लास से वापस लौटी, तो घर का मुख्य गेट खुला पाया। जब वो बेटे के कमरे में गईं, तो अंश फर्श पर पड़ा था। उसका सिर खून से सना हुआ था और नजदीक में पिता की पिस्टल पड़ी थी। जवान बेटे को इस हालत में देखकर मां बदहवास हो गईं। उन्होंने फौरन अपने अधिवक्ता पति विवेक गुप्ता को फोन कर घटना की जानकारी दी।
इसके बाद विवेक गुप्ता घर पहुंचे, और तत्काल बेटे को अस्पताल ले जाया गया। उप-जिला अस्पताल के डॉक्टर ने उसे हायर सेंटर रेफर किया। हायर सेंटर में उसे बचाया नहीं जा सका। बेटे की मौत से पिता को गहरा सदमा पहुंचा है और उन्हें मौके पर ही अटैक आ गया। पिता विवेक गुप्ता फिलहाल आईसीयू में भर्ती है।
बताया जा रहा है, कि अंश गुप्ता देहरादून की एक टेक्निकल यूनिवर्सिटी का छात्र था। वो बीबीए एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। युवक ने अपने पिता के कमरे से डिजिटल लॉकर से पिस्तौल निकाली थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे में है।

