एंजेल चकमा हत्याकांड में 5 आरोपितों 649 पन्नों की चार्टशीट दाखिल
त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की देहरादून में हत्या के मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में 649 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका के तहत उत्तराखंड पुलिस द्वारा अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 9 दिसंबर 2025 को सेलाकुई क्षेत्र की एक शराब की दुकान के बाहर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। झगड़े के दौरान त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गया था। एंजेल के भाई माइकल ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। विवाद के दौरान गंभीर चोट लगने की पुष्टि होने के बाद 14 दिसंबर को पुलिस ने संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
26 दिसंबर को एंजेल की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़कर मामले की जांच तेज की। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी की फुटेज में वारदात में छह लोगों के शामिल होने की बात सामने आई। मामले में पुलिस ने दो नाबालिग सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि मुख्य हमलावर यज्ञ राज अभी तक फरार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। ऐसे में पुलिस को उसके नेपाल भागने की सूचना मिली थी। हत्याकांड के बाद पुलिस ने बॉर्डर क्षेत्र में कई दबिशें दी, लेकिन आरोपी हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस ने इस मामले में ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर जांच पड़ताल के बाद पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। इसमें पीड़ित पक्ष की तहरीर को मुख्य आधार बनाया गया है।
सीओ विकासनगर भास्कर लाल ने बताया है, कि चकमा हत्याकांड में शामिल पांच आरोपियों के खिलाफ 8 फरवरी को 649 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी गई है। फरार आरोपी के खिलाफ एनबीडब्ल्यू जारी किया किया है, जो नेपाल एंबेसी को दिया गया है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा जल्द ही फरार आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया जाएगा।

