प्रतीकात्मक चित्र, (फोटो साभार: freepik.com)
देहरादून के प्रेमनगर स्थित निजी शिक्षण संस्थान में वर्चस्व को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते छात्रों के दो गुटों में हुए विवाद में छात्र दिव्यांशु जाटराना की मौत मामले में फरार चल रहे सातों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अदालत से गैर जमानती वारंट भी हासिल कर लिया है।
देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मीडियाकर्मियों को बताया, कि मामले में वांछित ऋतिक राज, शांतनु कुमार, उज्वल सिंह, अंकुर, आदित्यराज, विनीत राज और प्रहलाद राज पर ईनाम घोषित किया गया है। इसके अलावा सभी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
दून पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और संबंधित सीसीटीवी फुटेजों को चेक करने पर घटना में शामिल 7 अन्य आरोपियों के नाम सामने आए थे। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार सभी संभावित स्थानों पर दबिशें दी जा रही है। रविवार को पुलिस ने सात आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
बता दें, कि प्रेम नगर थानाक्षेत्र में 23 मार्च की रात 15 छात्रों के एक गुट ने मुजफ्फर नगर निवासी दिव्यांशु की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी थी। दिव्यांशु हत्याकांड में फरार 11 आरोपियों में से अभी तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन अन्य आरोपी बिहार और दिल्ली समेत अलग-अलग जगहों पर फरार हो गए।
