4 साल से फरार शातिर दुबई से गिरफ्तार, (फोटो साभार : X@PithoragarhPol)
उत्तराखंड पुलिस की सीबीसीआईडी टीम ने दुबई से 50 हजार के इनामी ठग को गिरफ्तार किया है। आरोपित के खिलाफ सीबीआई के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया था। दुबई प्रशासन ने जगदीश पुनेठा को उत्तराखंड सीबीसीआईडी को सौंप दिया, जिसे उत्तराखंड सीबीसीआईडी द्वारा गुरुवार (13 नवम्बर 2025) को भारत वापस लाया गया।
उत्तराखंड के कई लोगों से करीब 15 करोड़ रुपए की ठगी को अंजाम देने के बाद आरोपित जगदीश पुनेठा विदेश भाग गया था। पिथौरागढ़ निवासी लीलाधर पाटनी ने जगदीश पुनेठा, ललित पुनेठा, चन्द्र प्रकाश पुनेठा निवासी सिलपाटा पिथौरागढ़ और पंकज शर्मा निवासी झारखंड के खिलाफ पिथौरागढ़ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।
#करोड़ों_की_ठगी का #मास्टरमाइंड, जगदीश पुनेठा #दुबई में #गिरप्तार, #उत्तराखण्ड_पुलिस की सबसे बड़ी आर्थिक अपराध कार्रवाई
भारत सरकार व उत्तराखण्ड सरकार के संयुक्त प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भगोड़े अभियुक्त की गिरफ्तारी में बड़ी सफलता pic.twitter.com/q5yE9c0653— Pithoragarh Police Uttarakhand (@PithoragarhPol) November 14, 2025
पीड़ित ने शिकायत में बताया, कि आरोपितों ने निर्मल बंग कमोडिटी में निवेश का झांसा देकर उनसे करीब 8 लाख रुपए की ठगी की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच करने के बाद ललित पुनेठा और पंकज शर्मा को गिरफ्तार किया। वहीं जगदीश पुनेठा फरार चल रहा था। जांच के दौरान खुलासा हुआ, कि आरोपी ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर करीब 15 करोड़ रुपए की ठगी की है।
वहीं आरोपित जगदीश पुनेठा ने लगभग दो करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति भी अवैध रूप से अर्जित की। जगदीश पुनेठा के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा थाना पिथौरागढ़ में दर्ज FIR के तहत धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोप में मामला दर्ज किया गया। इसी बीच पिथौरागढ़ पुलिस को जानकारी मिली, कि आरोपी दुबई में छिपा हुआ है।
संयुक्त अरब अमीरात के दुबई भाग जाने के बाद सीबीआई और यूएई प्राधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से उसे चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। इससे पहले, उत्तराखण्ड पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने 06 मई 2025 को इंटरपोल के माध्यम से जगदीश पुनेठा के विरुद्ध रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाने की कार्रवाई की थी।
