सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: Gemini Canvas /canva) AI
आंध्र प्रदेश से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, पलनाडु जिला मुख्यालय नरसारावपेट स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में जटिल ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट से डॉक्टरों ने 14 कलम, पांच लकड़ी के चम्मच और एक मोमबत्ती निकाली है। ऑपरेशन के बाद महिला की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
माताश्री अस्पताल के शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ पी. रामचंद्र रेड्डी ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, कि नरसारावपेट मंडल के पेटलुरीवारीपालेम गांव की एक 33 साल की शादीशुदा महिला को शनिवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद उसके परिजन अस्पताल लेकर आए थे।
मेडिकल जांच के दौरान पुष्टि हुई, कि, महिला के पेट में कई सारे पेन (कलम) एक मोमबत्ती और एक चम्मच है। ऐसे में डॉक्टरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सर्जरी का फैसला लिया। डॉक्टरों की टीम ने लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की मदद से पेट में छेद करके एक-एक करके सभी चीजों को बाहर निकाला।
चिकित्सकों के मुताबिक, महिला के पेट में छेद किया और 14 पेन, 5 लकड़ी के चम्मच और एक मोमबत्ती निकाली गई। इनमें से एक पेन का कैप हटा हुआ था। एक पेन का कैप हटने के कारण महिला के पेट में पेन चुभ गया होगा और उसे दर्द हुआ होगा। वहीं डॉक्टरों को यह समझ में नहीं आ रहा है, कि महिला ने इतनी सारी चीजें कैसे निगल ली।
डॉक्टरों के अनुसार, समय पर सर्जरी होने की वजह से महिला की जान बच गई और अब उसकी हालत में तेजी से सुधार हो रहा है। फिलहाल उसका मानसिक रोग विशेषज्ञ से भी इलाज चल रहा है। मरीज के पिता के मुताबिक, उनकी बेटी पिछले कुछ वर्षों से डिप्रेशन से परेशान थी। उसके पति ने दो महीने पहले उसे तलाक दे दिया था।
इसी से मिलता-जुलता एक मामला उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में देखने को मिला था। यहां डॉक्टरों की टीम ने PICA डिसऑर्डर से पीड़ित एक महिला के पेट और आंतों में फंसी सुई, कांच की चूड़ियों के टुकड़े, हेयर पिन समेत कई अखाद्य वस्तुओं को ऑपरेशन के जरिए बाहर निकाला था।
चिकित्सकों के मुताबिक, अत्यधिक मानसिक तनाव, डिप्रेशन, पारिवारिक कलह या ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (OCD) इसके प्रमुख कारण हो सकते हैं। इसके अलावा शरीर में आयरन, जिंक या कुछ विटामिन जैसे पोषक तत्वों की कमी भी ऐसी आदत से जुड़ी हो सकती है।