अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान विनेश फोगाट और मीनाक्षी गोयत, (फोटो साभार: जनसत्ता)
अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान व जुलाना से कांग्रेसी विधायक विनेश फोगाट एशियाई खेलों के लिए दिल्ली में आयोजित ट्रायल के दौरान हार गईं है। इस हार के साथ ही विनेश फोगाट की एशियन गेम्स में खेलने की उम्मीद खत्म हो गई है। सेमिफाइनल मुकाबले में जींद स्थित चाबरी गांव की बेटी मीनाक्षी ने विनेश को 6-4 के अंतर से हरा कर ट्रायल से बाहर कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार (30 मई 2026) को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के इंदिरा गाँधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल्स के महिला 53 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में उन्हें युवा पहलवान मीनाक्षी गोयत ने 6-4 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बना ली। वहीं हार के बाद विनेश फोगाट का गुस्सा भी खुलकर सामने आ गया।
दरअसल, मीनाक्षी गोयत से सेमीफाइनल में हारने के बाद विनेश ने भारतीय कुश्ती महासंघ पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पूरा सिस्टम उनके खिलाफ खड़ा था। उन्होंने मैट से बाहर जाते समय भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा, “मैं वापस आऊँगी।”
वहीं विनेश फोगाट को मुकाबले में हारने वाली मीनाक्षी गोयत भी अंतरराष्ट्रीय पहलवान हैं और बेहद साधारण किसान परिवार से आती है। मीनाक्षी के पिता प्रेम सिंह खेतीबाड़ी का कार्य करते हैं, लेकिन बेटी को कुश्ती के खेल में आगे बढ़ाने के लिए फिलहाल सोनीपत में रहते हैं। मीनाक्षी की दो बहन और एक भाई हैं। जबकि मां गृहणी है।
उल्लेखनीय है, कि महिला पहलवान मीनाक्षी छह से 12 अप्रैल तक किर्गिस्तान के बिश्केक में हुई सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में सिल्वर पदक जीत चुकी हैं। मीनाक्षी द्वारा सिल्वर पदक जीतने पर गांव में उनका भव्य स्वागत किया गया था। अब मीनाक्षी ने महिला वर्ग में भाग लेते हुए ट्रायल के सेमीफाइनल में विनेश फोगाट को 6-4 से शिकस्त दी है।
