ससुर रियाजुद्दीन, बहु शना और हत्यारोपी मुबीन (फोटो साभार: Amar Ujala)
बुलंदशहर जिले से पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। दरअसल, खुर्जा जंक्शन थाना क्षेत्र में एक तरफ बकरीद की तैयारियां चल रहीं थी। वहीं दूसरी तरफ परिवार के चिराग ने ही घर में खूनी खेल को अंजाम दे डाला। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक को अपनी बेगम और अब्बा के बीच अवैध संबंध होने का शक था।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली खुर्जा नगर के गांव कलंदरगढ़ी निवासी मुबीन को शक था, कि उसके पिता रियाजुद्दीन और पत्नी शना के बीच अवैध संबंध है। इसी शक के चलते मुबीन ने तमंचे से दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि आधे घंटे के अंदर ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस जांच में ससुर-बहू हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है, कि निकाह के सात महीने के बाद सितंबर 2025 में 50 वर्षीय ससुर रियाजुद्दीन और 21 साल की बहु शना के बीच नाजायज रिश्ते की बात सामने आ गई थी। इस बीच मुबीन ने अक्टूबर में ससुर-बहू को आपत्तिजनक अवस्था में रंगे हाथ पकड़ लिया।
मुबीन और शना के निकाह के लगभग सात महीने तक तो सबकुछ ठीक चला, लेकिन इसके बाद उनके रिश्ते में खटास आनी शुरू हो गई। इस दौरान ससुर और बहू के बीच नजदीकी बढ़ती चली गई। मुबीन के प्रॉपर्टी डीलर पिता रियाजुद्दीन और पत्नी शना के बीच नजदीकियों की पुष्टि दोनों के वाट्सएप पर हुए वॉयस मैसेज व चैट से हो रही है।
बता दें, कि कलंदरगढ़ी गांव निवासी मुबीन ने अपने पिता रियाजुद्दीन और पत्नी शना की बीते रविवार गोली मारकर हत्या कर खुद ही पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल रियाजुद्दीन की लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली थी। करीब 10 दिन पहले ही मुबीन की पत्नी शना ने बेटे को जन्म दिया था।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया, कि 14 फरवरी 2025 को मुबीन और शना का निकाह हुआ था। निकाह के सात महीने के बाद सितंबर 2025 में रियाजुद्दीन व शना के बीच नजदीकियां होने की बात सामने आ गई थी। रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर को मामले में पहले शक हुआ, तो उसने मुबीन को इस बारे में बताया था। उसी समय से घर में कलेश होने लगा था।
अक्तूबर में ससुर-बहू को आपत्तिजनक हालत में देखा गया था। इसके बाद मुबीन ने पत्नी शना को मायके भेज दिया। साथ ही ससुराल पक्ष को घटनाक्रम की जानकारी देकर तलाक देने की चेतावनी भी दी थी। पुलिस का कहना है, कि उस वक्त ससुराल पक्ष ने माफी मांग कर मामले को किसी तरह दबा दिया था। हालांकि, ससुराल वापस आने के बाद भी शना और रियाजुद्दीन के बीच दूरियां कम नहीं हुईं।
वहीं इस मामले में हत्यारोपी मुबीन की मां और रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर की चुप्पी घातक साबित हुई। पुलिस के अनुसार, जब शुरुआत में रियाजुद्दीन की पत्नी को ससुर और बहु के बीच पनप रहे अवैध संबंधो की भनक लगी, तो उसने घर छोड़ने का फैसला कर लिया था। इस दौरान बात तलाक तक पहुंच गई थी और किस्वर ने रियाजुद्दीन से कहा था, कि यदि तुमको शना के साथ रहना है तो घर से बाहर जाना होगा।
इस बात पर रियाजुद्दीन ने अपना गुनाह कबूल करने के बजाय मकान अपने नाम बताकर सभी को घर से बाहर निकालने की धमकी दी थी। इसके बाद किस्वर को अपनी 16 वर्षीय बेटी व दो बेटों के साथ घर से बेदखल किये जाने का डर सताने लगा। शौहर की चेतावनी के बाद उसने विरोध नहीं किया और चुपचाप सब सहती रही।
मुबीन की मां किस्वर ने बताया, कि उनकी बहु शना को महंगे कपड़े व गहनों का शौक था, लेकिन मुबीन आर्थिक तंगी के चलते इन सब बातों का विरोध करता था। निकाह के बाद से ही शना और मुबीन के बीच दूरी शुरू हो गई थी और ससुर और बहू के बीच नजदीकियां बढ़नी शुरू हो गई। वहीं मुबीन ने व्हाट्सएप वेब के जरिये शना के मोबाइल का व्हाट्सएप अपने लैपटॉप में चालू कर लिया था।
इसमें शना और पिता रियाजुद्दीन के बीच हुई चैट को वह अक्सर देखता रहता था। ससुर और बहु के बीच वॉयस मैसेज के जरिये भी बातचीत होती रहती थी। इस बीच बीते रविवार को पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंधों को लेकर मुबीन के परिवार में विवाद बढ़ गया। इस दौरान मुबीन ने शना के परिजनों को भी मौके पर बुला लिया।
ससुराल और मायके पक्ष के लोगों ने ससुर रियाजुद्दीन और बहु शना को समझाने की कोशिश की। इस बीच मुबीन ने अपने पिता से मारपीट भी की। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। पंचायत के बाद जब रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए, तो रियाजुद्दीन व मुबीन के बीच फिर से झगड़ा हुआ और उसने रियाजुद्दीन और शना को गोली मार दी।
बता दें, 10 मई को ही शना ने बेटे को जन्म दिया था। जब वो अस्पताल से घर पहुंची, तो मुबीन ने नवजात को अपना बेटा मानने से मना कर दिया। हालांकि मायके पक्ष का कहना है, कि मुबीन बेरोजगार था। ऐसे में ससुर रियाजुद्दीन ही शना को ईद और निकाह समारोह के लिए कपड़े आदि सामान दिलाते थे। इस बात पर दामाद मुबीन उनकी बेटी शना पर शक करने लगा।
एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया, मुबीन नाम के शख्स ने अपने पिता रियाजुद्दीन और पत्नी शना की गोली मारकर हत्या कर दी। यह लाइसेंसी पिस्टल रियाजुद्दीन की थी। रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शना को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया था। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। शना ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
