सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: freepik.com)
ओडिशा के पुरी जिले में घटित एक दुखद घटना ने सभी को हैरान कर दिया है। दरअसल, 12 वर्षीय बालिका के सिर में जूं के कारण हुए गंभीर इन्फेक्शन के कारण उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है, कि लड़की कई महीनों से सिर में जूं से बेहद परेशान थी, जिससे उसके सिर और स्किन में गंभीर संक्रमण हो गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ओडिशा के पुरी जिले के बलंगा थाना क्षेत्र के चंपागड़ा साही गांव की रहने वाली 12 वर्षीय बच्ची को समय पर उपचार न मिलने के कारण संक्रमण और भी गंभीर हो गया। परिजनों के अनुसार, शुरुआत में इसे साधारण समस्या समझकर नजरअंदाज किया गया, लेकिन समय के साथ जूं की संख्या बढ़ती गई और संक्रमण बुरी तरह नुकसान पहुंचाने लगा।
कक्षा छह की छात्रा को उसकी मां ने कई बार सिर मुंडवाने का सुझाव भी दिया था। जिससे जूं से छुटकारा मिल सके, लेकिन बच्ची ने इससे साफ इंकार कर दिया। वहीं धीरे-धीरे स्थिति विकराल होती गई और बच्ची के सिर में घाव बन गए और उनमें संक्रमण फैल गया। गंभीर इन्फेक्शन की वजह से उसके सिर से तेज बदबू आने लगी, जिस कारण उसने घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया था।
बच्ची की मां का कहना है, कि तीन दिन पहले उसकी तबीयत अचानक और ज्यादा बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगी और उल्टी में खून भी आने लगा। घबराए परिजन उसे तुरंत पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन तब तक संक्रमण बहुत अधिक फैल चुका था और तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है, कि बच्चों विशेषकर, लड़कियों में सिर की जूं (head lice) एक बहुत ही सामान्य और आम समस्या है। हालांकि यह समस्या बड़े लोगों को भी हो सकती है। जूं लंबे बालों वाले पुरुषों और महिलाओं में भी आम है। जूं परजीवी होते हैं, जो स्कैल्प की ठीक से सफाई न होने और स्कैल्प के बहुत ज्यादा ऑयली या ड्राई होने की वजह से स्कैल्प में जमा गंदगी की वजह से बालों में पनपते हैं।
वर्ष 2023 में सऊदी अरब की एक 10 वर्षीय बच्ची को अचेत और एनीमिया के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेडिकल जांच में सामने आया, कि उसके रक्त में हीमोग्लोबिन घटकर मात्र 4 ग्राम/डेसीलीटर रह गया था। इसकी पुष्टि सिर में अत्यधिक जूं होने के कारण हुई थी। इसके अलावा 2020 में अमेरिका के जॉर्जिया में एक 12 वर्षीय लड़की की भी इसी समस्या के कारण से हृदय गति रुकने से मौत हो गई थी।

