(सांकेतिक चित्र)
उत्तराखंड में लंबे समय से मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, चार दिसंबर से मौसम बदल सकता है। हालांकि, विभाग का ये भी कहना है, कि फिलहाल प्रदेश के लोगों को बारिश व बर्फबारी का इंतजार करना होगा। वहीं मैदानी जिले हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में हल्की धुंध छाई रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते उत्तराखंड में मौसम में बदल सकता है। 4 दिसंबर से पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा व ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना हैं। जबकि उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार है। साथ ही 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी होने के आसार है।
दिनांक 01.12.2025 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी pic.twitter.com/LzbMOuoau6
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) December 1, 2025
फिलहाल, प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन रातों में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। न्यूनतम तापमान में भी लगातार गिरावट के चलते पहाड़ से मैदान तक सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ गई है, विशेष रूप से चमोली, बागेश्वर और उत्तरकाशी में शाम के समय धुंध और हवा में नमी बढ़ने के कारण ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है ।
गौरतलब है, कि बीते दो महीनों से शुष्क मौसम का सीधा असर तापमान में देखने को मिल रहा है। सुबह-शाम के तापमान में बड़ा अंतर दर्ज किया जा रहा है, लेकिन सामान्य तापमान में गिरावट नहीं हो रही है। इस कारण प्रदेश भर में सूखी ठंड परेशान कर रही है। उत्तराखंड में इस बार नवंबर लगभग सूखा रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न की वजह से इस साल नवंबर महीने में बारिश नहीं हुई। वर्ष 2021 और 2016 में भी नवंबर के महीने में बारिश नहीं हुई थी। इसकी वजह से मैदानी क्षेत्रों के साथ-साथ पर्वतीय इलाकों में भी सामान्य तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। वहीं शाम के समय पारे में तेजी से गिरावट के कारण रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

