पीएम मोदी और नीतीश कुमार, (फोटो साभार: दैनिक जागरण)
बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में एनडीए बंपर जीत की तरफ बढ़ रहा है। जबकि राजद के नेतृत्व में महागठबंधन का बुरा हाल है। इस प्रचंड जीत से साफ है, कि बिहार की जनता ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व पर एक बार फिर विश्वास जताया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी शाम 6 बजे भाजपा मुख्यालय जाएंगे और वहां भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के रुझान लगातार आ रहे हैं। शाम 4 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, एनडीए 206 सीटों पर आगे चल रही है, वहीं महागठबंधन अभी तक 30 सीटों पर आगे चल रही है व अन्य 7 सीटों पर आगे चल रहे हैं। कुल मिलाकर NDA 200+ सीटों पर लीड कर रही है, जो 122 के बहुमत से कहीं ज्यादा है। इसी क्रम में नीतीश का पांचवां कार्यकाल लगभग तय माना जा रहा है।
बिहार चुनाव के रुझानों में NDA को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पीएम नरेंद्र मोदी ने लिखा, “सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है।”
सुशासन की जीत हुई है।
विकास की जीत हुई है।
जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है।
सामाजिक न्याय की जीत हुई है।
बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें…
— Narendra Modi (@narendramodi) November 14, 2025
पीएम मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “बिहार के मेरे परिवारजनों का बहुत-बहुत आभार, जिन्होंने 2025 के विधानसभा चुनावों में एनडीए को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व जीत का आशीर्वाद दिया है। यह प्रचंड जनादेश हमें जनता-जनार्दन की सेवा करने और बिहार के लिए नए संकल्प के साथ काम करने की शक्ति प्रदान करेगा।”
पीएम मोदी ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा, “मैं NDA के प्रत्येक कार्यकर्ता का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अथक परिश्रम किया है। उन्होंने जनता के बीच जाकर हमारे विकास के एजेंडे को सामने रखा और विपक्ष के हर झूठ का मजबूती से जवाब दिया। मैं उनकी हृदय से सराहना करता हूँ।”
वहीं दूसरी ओर महागठबंधन का बुरा हाल है। राजद के नेतृत्व में महागठबंधन कुल 31 सीटों तक सिमटता दिख रहा है. इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज और मुकेश सहनी की VIP खाता भी नहीं खोल सकी है। तेजस्वी यादव की RJD सबसे बड़ी पार्टी बनकर भी सिर्फ 26 सीटों पर सिमटती दिख रही है।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के रुझानों ने डबल इंजन के विकास पर मुहर लगा दी है। वहीं 20 साल सत्ता में रहने के बाद किसी भी नेता के लिए जनता के बीच उत्साह बनाए रखना आसान नहीं होता, लेकिन नीतीश कुमार ने इस चुनाव में दिखा दिया, कि उनका जमीनी नेटवर्क और प्रशासनिक भरोसा आज भी उतना ही मजबूत है।
