(सांकेतिक चित्र)
उत्तराखंड राज्य में इन दिनों सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में पाले और शीतलहर के कारण ठंड और ज्यादा बढ़ गई है। जबकि, मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा, हालांकि बीच-बीच में ठंड का असर और तेज हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 2800 मीटर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जनपद में कहीं-कहीं बारिश होने के आसार है। जबकि राज्य के अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा लोगों की परेशानियों को बढ़ा सकता है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
दिनांक 06.01.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी | pic.twitter.com/7YQHbDHUON
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) January 6, 2026
उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है। ठंड का प्रकोप इतना है, कि ठंड से नदी-नाले जम गए हैं। केदारनाथ धाम में लगातार चौथे दिन भी बर्फबारी हुई है, जिसके बाद क्षेत्र में पारा माइनस 23 डिग्री तक लुढ़क गया है। तापमान में गिरावट आने के कारण निचले क्षेत्रों में भी शीत लहर का प्रकोप बढ़ गया है।
गौरतलब है, कि मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह-सुबह ठंडी हवाओं और नमी के कारण लोगों को कंपकंपी का एहसास हो रहा है। विशेषकर, मॉर्निंग वॉक और दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं घने कोहरे के चलते वाहन चालकों को बेहद सतर्क होकर गाड़ी चलाने की जरूरत पड़ रही है।
