मेक्सिको में कुख्यात ड्रग तस्कर एल मेंचो की मौत के बाद भड़की हिंसा (फोटो साभार: जागरण, नवभारत टाइम्स)
मेक्सिको इस समय अपने इतिहास के सबसे गंभीर सुरक्षा संकटों में से एक से गुजर रहा है। दरअसल, मैक्सिको के सबसे खूंखार ड्रग कार्टेल की मौत के बाद देश के कई राज्यों में अचानक भड़की हिंसा, आगजनी, गोलीबारी, सड़क जाम और व्यापक दहशत ने आम जनजीवन को लगभग ठप कर दिया है। सार्वजनिक परिवहन से लेकर हवाई सेवाएँ तक प्रभावित हुई है।
जानकारी के अनुसार, मैक्सिको की सेना ने रविवार को देश के सबसे कुख्यात ड्रग कार्टेल सरगना और अमेरिका के सबसे वांछित भगोड़ों में शामिल नेमेसियो ओसेगुएरा केरवेंटेस को मार गिराया है। इस घटना के बाद कार्टेल के सदस्य आगजनी- गोलीबारी कर रहे हैं, जिसके चलते मैक्सिको के कई शहरों में स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रविवार (22 फरवरी 2026) की देर रात मेक्सिको के पश्चिमी राज्य जालिस्को के छोटे से कस्बे में सेना और सुरक्षा बलों ने एक अत्यंत गोपनीय अभियान चलाया। इस मुठभेड़ के दौरान एल मेंचो गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत मेक्सिको सिटी ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
एल मेंचो की मौत की खबर फैलने के बाद कार्टेल के हथियारबंद गुर्गों ने सड़कों पर गाड़ियाँ जला दी, हाईवे जाम कर दिए, दुकानों और पेट्रोल पंपों को आग के हवाले कर दिया और सुरक्षा बलों पर हमले किए। देखते ही देखते हिंसा जालिस्को से निकलकर कई अन्य राज्यों तक फैल गई। मेक्सिको के कई राज्यों में सोमवार को स्कूल बंद कर दिए गए।
JUST IN: United States citizens are being ordered to shelter in place in certain areas of Mexico amid ongoing violence following the death of cartel leader ‘El Mencho.’@TravelGov has released the following statement:
“Due to ongoing security operations and related road… pic.twitter.com/HIdynI1T9w
— Collin Rugg (@CollinRugg) February 22, 2026
बता दें, कि एल मेंचो मैक्सिको के सबसे बड़े ड्रग माफियाओं में से एक था। अमेरिका के न्याय विभाग के अनुसार, वर्ष 2009 में उसने जेल्सिको न्यू जेनरेशन ड्रग कार्टेल की स्थापना की और यह मैक्सिको के सबसे हिंसक ड्रग तस्करी संगठनों में से एक बन गया है। एल मेंचो अपने अत्यंत क्रूर तरीकों, खुलेआम सैन्य टकराव और भारी हथियारों के इस्तेमाल के लिए कुख्यात था।
एल मेंचो का यह कार्टेल मेक्सिको के 32 में से कम से कम 21 राज्यों में सक्रिय है और अमेरिका के लगभग हर हिस्से में इसकी मौजूदगी बताई जाती है। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी पर 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित कर रखा था। उस पर अमेरिका में कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे और वह दुनिया के सबसे वांछित अपराधियों में शुमार था।

