गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में शामिल दो आरोपी गिरफ्तार, (फोटो साभार : X@DehradunPolice)
देहरादून स्थित सिल्वर सिटी मॉल के बाहर हुई गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले का एसटीएफ उत्तराखंड और दून पुलिस की संयुक्त टीम ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल दो आरोपियों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कई महीने पहले ही विक्रम शर्मा को मारने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने विक्रम शर्मा को जमशेदपुर और नोएडा में ठिकाने लगाने की योजना बनाई थी, लेकिन विक्रम के साथ ज्यादा लोगों होने के चलते वो वारदात को अंजाम नहीं दे पाए थे। हत्याकांड से लगभग तीन महीने पहले साजिश में शामिल एक आरोपी ने उस जिम में काम करना शुरू कर दिया था, जहां विक्रम शर्मा नियमित रूप से जाता था।
डालनवाला क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का एसटीएफ उत्तराखण्ड तथा दून पुलिस की संयुक्त टीम ने किया खुलासा,
घटना की साजिश में शामिल 02 अभियुक्तों को पुलिस ने अलग-अलग प्रांतो से किया गिरफ्तार
अभियुक्तों द्वारा कई माह पूर्व ही बनाई गयी थी विक्रम शर्मा को मारने की योजना pic.twitter.com/LPhEYsccFn
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) February 23, 2026
बताया जा रहा है, कि घटना के दिन भी आरोपी ने ही अपने अन्य साथियों को फोन के माध्यम से विक्रम शर्मा के जिम में होने की जानकारी दी थी। वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने हरिद्वार से स्कूटी और बाइक रेंट पर ली थी। जिसका उन्होंने भागने में इस्तेमाल किया था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच आगे बढ़ाई।
जांच में पता चला, कि हत्या में शामिल आरोपी झारखंड के रहने वाले हैं। जिसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर और नोएडा में दबिश दी और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, घटना में फरार आरोपियों पर देहरादून एसएसपी ने 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इस मामले में अभी भी 6 आरोपी फरार चल रहे हैं।

