ननूरखेड़ा शिक्षा निदेशालय में हुए विवाद मामले में अहम गिरफ्तारियां, (फोटो साभार: X@ETVBharatUK)
देहरादून स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना रायपुर पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल हिस्ट्रीशीटर समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। इसके अलावा घटना में शामिल हिस्ट्रीशीटर कल्ली पर भी पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। घटना में कल्ली की भूमिका की अलग से जांच की जा रही है।
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया है, “पुलिस द्वारा प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों, प्राप्त साक्ष्यों और वीडियो फुटेजों के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करते हुए हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली समेत लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
बता दें, कि विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थकों द्वारा प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में निदेशक से कथित मारपीट व तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने दो मुकदमे दर्ज किए है। पहला मुकदमा पीड़ित निदेशक की शिकायत पर दर्ज हुआ है। जबकि दूसरा मुकदमा विधायक के गनर की शिकायत पर निदेशालय के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के विरुद्ध दर्ज किया गया है।
शनिवार 21 फरवरी को रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत ननूरखेडा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक कार्यालय में विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ और अन्य साथियों के साथ रायपुर क्षेत्र में बने एक विद्यालय का नाम निशुल्क भूमि दान करने वाले दाताओं के नाम पर रखे जाने के मामले में पहुंचे थे। इस दौरान विवाद हो गया।
बताया जा रहा है, कि विधायक की मौजूदगी में कुछ लोगों ने निदेशक के साथ मारपीट कर दी। विवाद के दौरान कार्यालय में मौजूद कुछ लोगों को भी चोटें आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर इस प्रकरण ने तूल पकड़ लिया। इस घटना के विरोध में शिक्षा निदेशालय के कर्मचारियों और विभिन्न शिक्षक संगठनों द्वारा भी आक्रोश जताया गया।

