जल्लाद बनने को तैयार मीरा राठौर, (फोटो साभार: अमर उजाला)
मेरठ के चर्चित ‘नीले ड्रम हत्याकांड’ की दोषी मुस्कान और अपने पति की हत्या को सांप के डसने का रूप देने के मामले में दोषी रविता को मृत्युदंड सुनाए जाने के बाद दोनों मामले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, अखिल भारत हिंदू महासभा की आगरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने दोनों महिलाओं को फांसी देने की इच्छा जताई है।
संगठन की महिला नेता मीरा राठौर ने मथुरा के जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जल्लाद का दायित्व निभाने की मंजूरी मांगी है। मीरा राठौर का कहना है, कि यदि प्रशासन आदेश देता है, तो वह यह कार्य निशुल्क करेंगी। इसके अलावा उन्होंने फांसी से पहले दोनों महिलाओं को गंगाजल से शुद्ध करने की बात भी कही है।
बता दें, कि मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में मार्च 2025, में मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की खौफनाक तरीके से न सिर्फ हत्या की थी, बल्कि उसके कई टुकड़े करके सीमेंट के घोल के साथ नीले ड्रम में भर दिए थे। मुस्कान और साहिल ने सौरभ की हत्या करने के बाद दोनों हाथों की कलाइयां काट दी और सिर धड़ से काटकर अलग कर दिया था।
इसके बाद मुस्कान घर पर ताला लगाकर प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ हिमाचल घूमने चली गई थी। मुस्कान अपने साथ सौरभ का मोबाइल भी लेकर गई थी। वह यह दर्शाना चाहती थी, कि वह सौरभ के साथ घूमने गई थी। इस मामले में अदालत ने 15 अक्टूबर 2026 को मुस्कान और उसके साथी साहिल को फांसी की सजा सुनाई थी।
वहीं दूसरे चर्चित मामले में मेरठ में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। किसी को उन पर शक न हो, इसके लिए हत्यारों ने मृतक के शरीर पर जीवित साँप छोड़ दिया, जिसने उसे 10 बार डसा। हालांकि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
चर्चित सर्पदंश हत्याकांड में 16 अक्टूबर 2026 को अदालत ने पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दोनों को दोषी करार देते हुए कहा, कि रविता और उसके प्रेमी ने मिलकर अमित की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद गुमराह करने के लिए सर्पदंश का नाटक रचा।
