
फर्जीवाड़े का आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार,(फोटो साभार: X@DehradunPolice)
वन विकास निगम देहरादून के अकाउंट से फर्जीवाड़ा कर 14 लाख से अधिक की धनराशि निकालने वाले आरोपी को पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वन विकास निगम के खाते से धनराशि को किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कराया था। आरोपी बैंकों से लोगों को लोन दिलाने का काम भी करता था।
जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी 2025 को देहरादून के शिमला बाईपास रोड स्थित पीएनबी बैंक के शाखा प्रबंधक ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर दी थी, कि अज्ञात आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे शिमला बाईपास रोड पटेलनगर स्थित पीएनबी बैंक की शाखा से वन विकास निगम देहरादून के खाते से गुड्डू कुमार नाम के व्यक्ति के अन्य खाते में धोखाधड़ी कर 14,03,596 रुपए ट्रांसफर कर लिए है।
तहरीर के आधार पर पटेलनगर कोतवाली में आरोपी गुड्डू कुमार सिंह उर्फ मयंक भारद्वाज के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान घटना के मास्टरमाइंड आरोपी मयंक भारद्वाज निवासी बेहट रोड (सहारनपुर) का नाम सामने आया। जो घटना के बाद से गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहा था।
🚨अपराधियो पर नकेल कसती #दून_पुलिस
◼️वन विकास निगम देहरादून के खाते से कूटरचित दस्तावेजो के आधार पर 14 लाख से अधिक की धनराशि को किसी अन्य खाते में ट्रांसफर करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने सहारनपुर से किया गिरफ्तार⛓️
◼️#Uttrakhandpolice #UKPoliceStrikeOnCrime pic.twitter.com/n4h0UO3T0H
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) September 5, 2025
पुलिस की टीम ने आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाई और आरोपी मयंक भारद्वाज को 5 सितंबर को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को देहरादून लाकर न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी मयंक को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पटेलनगर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान अधिकारी के अनुसार, “गिरफ्तार आरोपी मयंक भारद्वाज लोन एजेंट का काम करता है, जो लोगों को अलग-अलग बैंकों से लोन दिलाने का काम करता था। आरोपी ने वन विकास निगम का फर्जी लेटर तैयार कर उसके आधार पर उनके खाते से धनराशि को एक अन्य खाते में ट्रांसफर कराया था। आरोपी को सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।”